रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की हार की 80वीं बरसी के अवसर पर शुक्रवार को यहां रेड स्क्वायर पर सैन्य परेड निकाली। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग तथा ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा सहित कई विदेशी नेताओं ने परेड में भाग लिया। रूस में नौ मई को विजय दिवस (विक्ट्री डे) मनाया जाता है, जो देश का सबसे महत्वपूर्ण धर्मनिरपेक्ष अवकाश है। रेड स्क्वायर और अन्य समारोहों के माध्यम से एक विशाल परेड में, यूक्रेन में तीन साल से जारी युद्ध के बीच पश्चिम के प्रति संतुलन तलाशते हुए अपनी शक्ति को प्रदर्शित करने और गठबंधनों को मजबूत करने के मॉस्को के प्रयासों को रेखांकित किया गया।
रूस में विजय दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह के लिए चीनी राष्ट्रपति और अन्य विदेशी नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है और इसी बीच यूक्रेन ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन मॉस्को को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमले किए जिससे मुख्य हवाई अड्डों पर उड़ानों का परिचालन बाधित हो गया। बुधवार सुबह प्रमुख रूसी एयरलाइन ‘एयरोफ्लोत’ ने मॉस्को से आने-जाने वाली 100 से अधिक उड़ानें रद्द कर दीं। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन हमले और विजय दिवस के कार्यक्रम के संबंध में सुरक्षा उपायों के मद्देनजर 140 से अधिक उड़ानों के संचालन में देरी हुई।
![]()
