इन दिनों आपने भी ओमेगा-3 फैटी एसिड की खूब चर्चा सुनी होगी। माना जाता है कि ये पोषक तत्व शरीर को कई प्रकार की गंभीर बीमारियों से बचाए रखने में विशेष लाभकारी हो सकता है। पर सवाल ये है कि आखिर ओमेगा-3 में ऐसा क्या है जो इसकी मांग पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ती जा रही है। ओमेगा-3 किन बीमारियों से हमें बचा सकता है?
ओमेगा-3 फैटी एसिड को पाया है विशेष लाभकारी
अध्ययनों से पता चलता है कि ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर के लिए एक आवश्यक वसा है, यानी हमारा शरीर इसे खुद नहीं बना सकता, हमें भोजन या सप्लीमेंट्स के जरिए इसे प्राप्त करना होता है। कई अध्ययन इस बात की पुष्टि करते हैं कि अगर आपके आहार में ओमेगा-3 वाली चीजें हैं तो ये हृदय रोग, डायबिटीज और यहां तक कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी कम करने में फायदेमंद हो सकता है।
हार्ट अटैक और स्ट्रोक का कम होता है खतरा
न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में साल 2019 में एक रिपोर्ट प्रकाशित हुई, जिसमें शोधकर्ताओं ने दावा किया कि अगर आप नियमित रूप से इस पोषक तत्व से भरपूर आहार लेते रहते हैं तो ये हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को लगभग 25% तक कम कर सकता है।
ओमेगा-3 फैटी एसिड ब्लड प्रेशर घटाता है और खून में ट्राइग्लिसराइड्स को भी कम करता है। ये दोनों हृदय के लिए काफी दिक्कतें बढ़ाने वाली मानी जाती रही हैं। यानी कि ओमेगा-3 आपके हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में काफी फायदेमंद हो सकता है।
न्यूरोलॉजिकल समस्याएं होती हैं दूर
हृदय के अलावा मानसिक स्वास्थ्य पर भी इस पोषक तत्व के विशेष लाभ देखे गए हैं।
साल 2016 में जर्नल ऑफ क्लिनिकल साइकोलॉजी में प्रकाशित एक अध्ययन की रिपोर्ट में शोधकर्ताओं ने बताया कि जिन लोगों को डिप्रेशन की शिकायत थी, उनमें से जिन्होंने ओमेगा-3 सप्लीमेंट लिया उनके लक्षणों में विशेष सुधार हुआ।
ओमेगा-3 फैटी एसिड न्यूरॉनल कम्युनिकेशन को बेहतर बनाता है और न्यूरोलॉजिकल सूजन को भी कम करता है। इससे मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
ओमेगा-3 फैटी एसिड के अध्ययनों में और भी कई प्रकार के लाभ देखे गए हैं।
- एक शोध से पता चलता है कि उम्र बढ़ने से होने वाली आंखों की समस्याओं को कम करने में भी ये सहायक है।
- जिन गर्भवती महिलाओं ने इसके सप्लीमेंट्स लिए उनके शिशुओं में संज्ञानात्मक शक्ति और आंखों की क्षमता बेहतर देखी गई।
- सूजन और ऑटोइम्यून बीमारियों को कम करने में भी ये पोषक तत्व काफी मददगार पाया गया है।
![]()
