बॉलीवुड में डेब्यू किए बिना हिंदी सिने प्रेमियों के दिल पर राज करती हैं सामंथा

15 साल के अपने एक्टिंग करियर में सामंथा ने साउथ फिल्मों में ही अभिनय किया है। दक्षिण भारत में वह एक बड़ा नाम हैं लेकिन हिंदी पट्टी के दर्शक भी सामंथा को खूब पसंद करते हैं, जबकि एक्ट्रेस ने अब तक एक भी फिल्म बतौर हीरोइन बॉलीवुड में नहीं की है। आज सामंथा का जन्मदिन ( 28 अप्रैल 1987 ) है। इस मौके पर जानिए, एक्ट्रेस की उन चर्चित दक्षिण भारतीय फिल्मों के बारे में जो हिंदी पट्टी के दर्शकों के बीच पंसद की गईं। पिछले साल वेब सीरीज ‘सिटाडेल हनी बनी’ में सामंथा को वरुण धवन के साथ देखा गया। साउथ की यह मशहूर एक्ट्रेस इस वेब सीरीज में हीरो के बराबर का एक्शन करती दिखीं। इससे पहले भी वह ‘फैमिली मैन 2’ में एक आतंकवादी का रोल कर चुकी थीं। जल्द ही ‘रक्त ब्रह्मांड’ नाम की एक वेब सीरीज में भी नजर आएंगी। इन वेब सीरीज में अभिनय करने से पहले भी हिंदी पट्टी के दर्शक सामंथा को जाने-पहचानते हैं। सामंथा की कई साउथ फिल्में हिंदी में डब होकर आईं, जिनके कारण हिंदी पट्टी में भी सामंथा की फैन फाॅलोइंग बढ़ गई। जानिए, ऐसी ही कुछ साउथ की फिल्मों के बारे में, जिनमें सामंथा नजर आईं। ये सभी फिल्में हिंदी में अलग-अलग नामों से डब हुईं।

ईगा (मक्खी )
साल 2021 में एसएस राजामौली ने ‘ईगा’ नाम से एक तेलुगू फिल्म बनाई। इस फैंटेसी एक्शन फिल्म में नानी हीरो के रोल में और किच्चा सुदीप विलेन बने थे। फिल्म की हीरोइन सामंथा थीं। फिल्म की कहानी एक व्यक्ति के मरने के बाद मक्खी बनकर विलेन से बदला लेने की रही। इस काम में हीरोइन यानी सामंथा, मक्खी यानी नानी के किरदार की मदद करती है। हिंदी भाषी दर्शकों ने भी सामंथा को फिल्म ‘मक्खी’ में काफी पसंद किया।

24 (टाइम स्टोरी)
साल 2016 में एक तमिल फिल्म ‘24’ में सामंथा ने सूर्या के साथ अभिनय किया। फिल्म को विक्रम कुमार ने निर्देशित किया था। यह एक साइंस फिक्शन बेस्ड एक्शन फिल्म थी। फिल्म में टाइम ट्रैवल, विलेन से बदला लेने के अलावा एक लव स्टोरी भी चलती है। फिल्म में सूर्या की लव इंट्रेस्ट सत्या का रोल सामंथा ने निभाया था। वह टाइम ट्रैवल की जर्नी में सूर्या के किरदार की मदद करती है। महानटी 
फिल्म ‘महानटी(2018)’ में लीड रोल कीर्ति सुरेश ने किया था। यह फिल्म एक दक्षिण भारतीय एक्ट्रेस सावित्री की कहानी थी। इस महिला केंद्रित फिल्म में सामंथा ने एक पत्रकार का रोल किया, जो सावित्री की कहानी को दुनिया के सामने लाती है। इस फिल्म को नाग अश्विन ने निर्देशित किया था

थेरी 
विजय थलापति की फिल्म ‘थेरी(2016)’ में सामंथा ने हीरो की पत्नी का रोल किया। फिल्म में विजय के किरदार की पत्नी को जब विलेन मार देता है तो बदले की कहानी शुरू होती है। फिल्म में सामंथा का रोल काफी अहम रहा। इस फिल्म को एटली ने निर्देशित किया था। इस नाम से फिल्म ‘बेबी जॉन’ भी बनी, जिसमें वरुण धवन नजर आए थे।

10 एंड्राथुकुल्ला (दस का दम) 
साल 2015 में तमिल फिल्म ‘10 एंड्राथुकुल्ला’ रिलीज हुई। इस एक्शन ड्रामा फिल्म में विक्रम और सामंथा रूथ नजर आए। फिल्म का निर्देशित विजय मिल्टन ने किया था। राहुल देव, अभिमन्यु सिंह जैसे बॉलीवुड एक्टर भी इस फिल्म का हिस्सा थे। इस फिल्म में सामंथा ने डबल रोल किया था, इसमें एक किरदार सीधी लड़की का था तो दूसरी लड़की गैंगस्टर थी।

रमाय्या वस्थवैया (मर मिटेंगे 2)
जूनियर एनटीआर के साथ सामंथा ने फिल्म ‘रमाय्या वस्थवैया’ नाम की तेलुगू फिल्म की। इसमें श्रुति हसन भी थीं। हरीश शंकर निर्देशित इस फिल्म की कहानी एक कॉलेज स्टूडेंट की थी जो अपने ताकतवर दुश्मनों से बदला लेने की कोशिश करता है। फिल्म में श्रुति और सामंथा के किरदार के बीच जूनियर एनटीआर के किरदार को पाने की होड़ लगी रहती है, दोनों एक ही लड़के के प्यार में नजर आती हैं।

डुकुडू (द रियल टाइगर) 
तेलुगू फिल्म ‘डुकुडू(2011)’ एक एक्शन कॉमेडी फिल्म थी, इसमें सामंथा, महेश बाबू के अपोजिट नजर आईं। फिल्म की कहानी एक पुलिस ऑफिसर (महेश बाबू)की थी, जिसके पिता सालों बाद कोमा से बाहर आते हैं। अपने पिता के सपनों को वह कैसे पूरा करता है? उनके दुश्मनों को कैसे तलाशता है? यही फिल्म की कहानी थी। फिल्म में हीरो की मदद, जब-तब फिल्म की हीरोइन यानी सामंथा का किरदार भी करता है।

जनता गैराज  
साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘जनता गैराज’ में जूनियर एनटीआर, मोहनलाल जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। समांथा, जूनियर एनटीआर के अपोजिट थीं, वह उनकी लवर के रोल में दिखीं। इस तेलुगू एक्शन ड्रामा फिल्म की कहानी मोहनलाल और जूनियर एनटीआर के किरदार के ईद-गिर्द घूमती है।

अनजान ( खतरनाक खिलाड़ी 2) 
साल 2014 में तमिल फिल्म ‘अनजान’ में सूर्या के अपोजिट सामंथा रूथ नजर आईं। फिल्म में वह कमिशनर की बेटी के रोल में दिखीं। एक्शन फिल्म में उनका सिंपल कैरेक्टर दर्शकों को काफी भाया। इस एक्शन फिल्म में विद्युत जामवाल, दिलीप ताहिल, मुरील शर्मा जैसे एक्टर्स भी नजर आए। फिल्म को एन लिंगुसामी ने निर्देशित किया था।

सन ऑफ सत्यमूर्ति  
त्रिविक्रम श्रीनिवास निर्देशित फिल्म ‘सन ऑफ सत्यमूर्ति(2015)’ में अल्लू अर्जुन लीड रोल में थे। फिल्म की कहानी पिता और बेटे के रिश्ते पर थी। इस फिल्म में सामंथा ने अल्लू अर्जुन के किरदार की प्रेमिका का रोल किया था। इसमें सामंथा ने एक स्मार्ट लड़की का रोल किया।

इन सभी फिल्मों में सामंथा ने साउथ के नामी एक्टर्स के साथ अभिनय किया। लगभग सभी फिल्मों में दर्शकों ने एक्ट्रेस के किरदारों को पसंद किया। धीरे-धीरे सामंथा रूथ हिंदी फिल्मों की तरफ भी कदम बढ़ा रही हैं, इसकी शुरुआत वह हिंदी की चर्चित वेब सीरीज के जरिए कर चुकी हैं। साथ ही वह बतौर प्रोड्यूसर भी काम रही हैं, जल्द ही उनके प्रोडक्शन की पहली फिल्म रिलीज होगी।

Loading

Related posts