शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप, जांच की मांग

तिलहर। शाहजहांपुर के गढ़िया रंगीन थाने में शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण को लेकर फर्जी हस्ताक्षर किए जाने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने तत्कालीन थाना प्रभारी के हस्ताक्षर से नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कराए जाने पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री और डीजीपी से शिकायत कर जांच की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पृथ्वीपुर गांव निवासी सुरेश गुप्ता उर्फ चीनू गुप्ता के पास लाइसेंसी राइफल है। आरोप है कि वह अपनी राइफल दूसरे लोगों को इस्तेमाल के लिए देता है और उसका दुरुपयोग भी करता है। इस संबंध में शिकायत मिलने पर तत्कालीन थाना प्रभारी हरकेश सिंह ने शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण की संस्तुति करने से इनकार कर दिया था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि हरकेश सिंह का तबादला होने के बाद नए थाना प्रभारी की तैनाती से पहले ही संबंधित लाइसेंस का नवीनीकरण करा दिया गया। इसमें तत्कालीन थाना प्रभारी के फर्जी हस्ताक्षर किए जाने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता का दावा है कि फोन पर बातचीत के दौरान हरकेश सिंह ने संबंधित हस्ताक्षर अपने होने से इनकार किया था। बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने की बात भी कही गई है।

शिकायतकर्ता ने मामले में थाने के किसी पुलिसकर्मी की भूमिका और कथित लेनदेन की आशंका भी जताई है। उसने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर हस्ताक्षरों का सत्यापन कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Loading

Related posts