गोरखपुर में राजभाषा विभाग के तत्त्वावधान में राजभाषा ‘हिंदी‘ के प्रचार-प्रसार हेतु हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन

गोरखपुर, 24 सितम्बर, 2026ः पूर्वाेत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर में राजभाषा विभाग के तत्त्वावधान में राजभाषा ‘हिंदी‘ के प्रचार-प्रसार हेतु हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 सितम्बर, 2026 को मुख्य कारखाना प्रबंधक/सिगनल कारखाना, श्री रोशन लाल यादव की अध्यक्षता में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक, हरिश्चन्द्र जी की जयंती, विशेष हिंदी कार्यशाला-राजभाषा नीति नियमों एवं यूनिकोड तथा अन्य आई.टी.टूल्स विषयों पर तकनीकी संगोष्ठी तथा बहुविषयक पद्धति प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर में कर्मचारियों के लिए स्लोगन एवं हिंदी सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कारखाना प्रबंधक/सिगनल कारखाना श्री यादव ने कहा कि सभी कार्मिक राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय और रेलवे बोर्ड द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम 2026-2027 के निर्धारित लक्ष्यों का अपने कार्यक्षेत्र में शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए उत्पादन इंजीनियर एवं राजभाषा संपर्क अधिकारी/सिगनल कारखाना श्री ध्रुव कुमार शर्मा ने यूनिकोड में हिंदी के मंगल फोंट पर कार्य करने हेतु सुझाव दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अनुवादक सुश्री सपना खरे ने राजभाषा नीति नियम एवं यूनिकोड एवं अन्य आई.टी.टूल्स विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। वरिष्ठ अनुवादक श्रीमती अनामिका सिंह ने हिंदी साहित्यकार की जयंती के अनुक्रम में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान दिया। धन्यवाद ज्ञापन श्री गिरिजेश सिंह, मुख्य कार्याधी/सिगनल कारखाना द्वारा किया गया। इस अवसर पर सिगनल कारखाना के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त बहुविषयक पद्धति प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर में कर्मचारियों के लिए आयोजित स्लोगन एवं हिंदी सुलेख प्रतियोगिता में गोरखपुर स्थित पूर्वाेत्तर रेलवे के विभिन्न विभाग, कारखानों, विभागेतर इकाइयों के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। स्लोगन प्रतियोगिता एक ऐसी रचनात्मक प्रतियोगिता है जिसमें प्रतिभागियों को किसी दिए गए विषय, सामाजिक मुद्दे, या अवसर पर एक आकर्षक, प्रभावशाली और संक्षिप्त स्लोगन लिखना होता है। इसी प्रकार हिन्दी सुलेख प्रतियोगिता से हिंदी भाषा के प्रति आकर्षण और सुंदर लेखन की आदत को बढ़ावा देना होता है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति कर्मचारियों को जागरूक करना है।

Loading

Related posts