पांच माह से पेंशन नहीं मिली, दिव्यांगों ने घेरा कार्यालय

राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी का प्रदर्शन, 16 अगस्त तक भुगतान न होने पर 17 को लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय घेरने की चेतावनी

कानपुर। दिव्यांगजनों की पेंशन खातों में नहीं पहुंचने के विरोध में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि पिछले पांच महीने से बड़ी संख्या में दिव्यांगों की पेंशन खातों में नहीं पहुंची है। इसे लेकर दिव्यांगजनों में नाराजगी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विनय उत्तम के माध्यम से निदेशक और प्रमुख सचिव दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के नाम ज्ञापन सौंपकर पेंशन तत्काल खातों में भेजने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि 16 अगस्त तक पेंशन नहीं पहुंची तो 17 अगस्त को प्रदेशभर के दिव्यांग संगठन लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय, लोकभवन और विधानसभा का घेराव करेंगे।वीरेंद्र कुमार ने कहा कि सरकार की ओर से पिछले तीन वर्षों से दिव्यांग पेंशन को 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये करने की घोषणा की जा रही है, लेकिन अब तक पेंशन नहीं बढ़ी। उन्होंने दिव्यांगों के पेंशन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर उदासीनता का आरोप लगाया।प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा अल्पना कुमारी, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, अर्जुन कुमार, गोमती वर्मा, ओमप्रकाश दास, राम जानकी, शंकर लाल, दिलीप कुमार, सरला और विवेक तिवारी आदि मौजूद रहे।

Loading

Related posts