विकास खण्ड सलोन में माटीकला स्थापना पखवाड़ा/जागरूकता शिविर का किया गया आयोजन सम्पन्न

रायबरेली-31 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वाधान में विकास खण्ड सलोन के सभागार में माटीकला स्थापना पखवाड़ा/जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० विधायक सलोन अशोक कुमार ने प्रतिभाग किया। अतिथियों द्वारा महात्मागांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
शिविर में उपस्थित माटीकला एवं हस्तशिल्प से जुड़े परम्परागत कारीगरों, लाभार्थियों तथा ग्रामीणों को उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई, अधिकारियों द्वारा योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माटीकला के क्षेत्र में कार्य करने वाले कारीगरों को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में भी जागरूक किया गया। ग्रामीण अंचलों में माटीकला को बढ़ावा देने तथा पारंपरिक कारीगरी को संरक्षित रखते हुए इसे आय का बेहतर माध्यम बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मा0 विधायक अशोक कुमार ने माटीकला से जुड़े कारीगरों एवं उद्यमियों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कार्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक माटीकला हमारी समृद्ध संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उचित प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग एवं योजनाओं का लाभ लेकर कारीगर अपने उत्पादों की गुणवत्ता एवं बाजार उपलब्धता बढ़ाते हुए आर्थिक रूप से सशक्त हो सकते हैं।
इसी दौरान मा0 विधायक द्वारा 10 लाभार्थियों को माटीकला कारीगर पंजीकरण का प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
शिविर में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला से जुड़े लोगों तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित कर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा।
मंच का संचालन एस0एस0 पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस मौके पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष गौतम, उपजिलाधिकारी सलोन अंकित कुमार, जिला विकास प्रबंधक नबार्ड, जिला अग्राणी प्रबंधक, खण्ड विकास अधिकारी सलोन शशि कुमार तिवारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी, माटीकला से जुडे परम्परागत कारीगर/शिल्पी, लाभार्थीगण व ग्रामीण लोग उपस्थित रहे।

Loading

Related posts