गोरखपुर, 26 जुलाई 2026 पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से श्री रामकृष्णपुरम कॉलोनी सेवा समिति के तत्वावधान में 26 जुलाई,2026 को रामकृष्णपुरम कॉलोनी, पादरी बाजार, गोरखपुर में “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीया पार्षद श्रीमती सरिता यादव, सांसद प्रतिनिधि श्री समरेंद्र विक्रम सिंह तथा पार्षद प्रतिनिधि श्री सुधीर यादव ने मुख्य रूप से सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर रामकृष्णपुरम सेवा समिति के संरक्षक श्री हरि शंकर मल्ल, अध्यक्ष श्री अवधेश कुमार सिंह, रेंजर/जंगल तिकोनिया श्री अखिलेश कुमार तिवारी, श्री भागवत सिंह एवं श्री राजकुमार ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं भारी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान कुल 51 फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया, जिनमें अशोक, आंवला, नीम आदि प्रमुख प्रजातियाँ शामिल रहीं। उपस्थित वक्ताओं ने वृक्षों के महत्व, जैव विविधता के संरक्षण तथा स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण के निर्माण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित कालोनीवासियों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ। समिति ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
![]()
