‘हिंदी‘ के प्रचार-प्रसार हेतु हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रमुख मुख्य चिकित्सा
अधिकारी डॉ. सुषमा माटे की मुख्य आतिथ्य एवं प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री
प्रकाश चन्द्र जायसवाल की अध्यक्षता में 23 सितम्बर, 2026 को रेलवे अधिकारी क्लब, गोरखपुर में अधिकारियों के
लिए हिंदी क्विज़ प्रतियोगिता एवं स्वास्थ्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुषमा माटे ने कहा कि राजभाषा विभाग द्वारा
आंख की बीमारियों से बचाव संबंधी उपाय विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि सेहतमंद जिंदगी
आपकी खुशियों की चाबी है। जहां कई बार हमारी सेहत हमारे संतुलित आहार से लेकर जीवनशैली पर निर्भर करती
है, वहीं कई बार आपके आसपास मौजूद परिस्थितियां भी सेहत पर असर डालने लगती है। शरीर को स्वस्थ रखना
आपकी पहली जिम्मेदारी है।
प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रकाश चन्द्र जायसवाल ने संगोष्ठी को सम्बोधित
करते हुए कहा कि मुझे खुशी है कि राजभाषा पखवाड़ा-2026 के दौरान आंख की बीमारियों से बचाव संबंधी उपाय
जैसे प्रासंगिक विषय पर स्वास्थ्य संगोष्ठी आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण और प्रतिस्पर्धा के इस दौर
में व्यक्ति की जीवन शैली बदल गई है। इस जीवनशैली ने लोगों को तरक्की के साथ कुछ नकारात्मक चीजें भी दी हैं।
इनमें पहले स्थान पर आता है तनाव। तनाव के कारण उपजी बीमारियों में हाइपरटेंशन, मधुमेह, आंख की बीमारियां
आदि से लोग पीड़ित हो रहे हैं।
इस अवसर पर ललित नारायण मिश्र रेलवे चिकित्सालय, गोरखपुर के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. त्रिभुवन
प्रकाश चौधरी ने आँख की बीमारी से बचाव के उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। प्रतियोगिता में अधिकारियों ने
उत्साहपूर्वक भाग लेकर प्रतियोगिता को सफल बनाया तथा इसका लाभ उठाये। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती
अनामिका सिंह, वरिष्ठ अनुवादक ने किया।
![]()
