महापौर ने सर्वप्रथम कीडगंज दाधिकांदो मेला के दोनों प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। बीच वाली सड़क एवं दाधिकांदो मेला मैदान के गेट के पास पैचवर्क का कार्य शेष पाया गया। क्षेत्रीय अवर अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि शेष पैचवर्क का कार्य बुधवार रात्रि तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मेला कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा मार्ग में कुछ स्थानों पर मलवा हटाने, मेला मार्ग से जुड़ी गलियों की समुचित सफाई, मार्ग प्रकाश व्यवस्था तथा पूर्व की भांति कुछ स्थानों पर अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय एवं पेयजल टैंकर की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से पूर्व सभी यात्रा मार्गों पर लटके हुए तारों को ऊंचा करने, समुचित सफाई कराने, मलवा एवं कूड़े का निस्तारण, कीटनाशक का छिड़काव, सीवर लीकेज को दुरुस्त करने, टूटे सीवर ढक्कनों को बदलने, सड़क पर पैचवर्क कराने तथा चोक सीवर एवं नालियों की सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को बदलने तथा आवश्यकतानुसार स्थायी एवं अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही मार्गों पर आवारा पशुओं के नियंत्रण, अस्थायी शौचालय एवं पेयजल टैंकर की समुचित व्यवस्था करने को कहा। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दाधिकांदो मेला एवं शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा, पार्षद मुकेश लारा, मनीष केसरवानी, खन्ने सोनकर, अजय जायसवाल, संस्कार सिन्हा सहित कीडगंज दाधिकांदो कमेटी के सदस्य एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
