इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज, प्रयागराज के विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के संयोजक पद पर विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रमेश कुमार भारती को नियुक्त किया गया है। केंद्र की नई समिति में डॉ. गौरव पटेल को सह-संयोजक तथा डॉ. रमेश कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार गौतम, डॉ. तुषार श्रीवास्तव एवं डॉ. अंजलिका को सदस्य बनाया गया है।
सदरेपुर गांव के किसान परिवार से आने वाले डॉ. भारती ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिक्षा, शोध और समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने बीएचयू से एलएलबी, डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ से एलएलएम तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से डी.फिल. की उपाधि प्राप्त की है। वे वर्ष 2018 से सी.एम.पी. डिग्री कॉलेज के विधि विभाग में सहायक आचार्य के रूप में कार्यरत हैं।
डॉ. भारती पूर्व में विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के सह-संयोजक सहित महाविद्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उनके चार संपादित ग्रंथ प्रकाशित हैं तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में उनके शोध लेख प्रकाशित हो चुके हैं। डिजिटल माध्यम से भी वे विधिक शिक्षा के प्रसार में सक्रिय हैं।
सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. शिव शंकर सिंह ने कहा कि डॉ. रमेश कुमार भारती की नियुक्ति से विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उनके अनुभव और सक्रियता से विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक ज्ञान प्राप्त होने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता एवं जागरूकता पहुंचाने के प्रयास और अधिक प्रभावी होंगे।
नियुक्ति के बाद डॉ. भारती ने कहा कि उनका प्रयास विधिक सहायता केंद्र को गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक न्याय और विधिक परामर्श पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाना होगा। विद्यार्थियों की सहभागिता से विधिक साक्षरता, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, उपभोक्ता अधिकार, पर्यावरण कानून तथा ग्रामीण विधिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर महाविद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।
![]()
