2100 महिलाओं ने एक साथ कजरी गाकर बनाया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड

प्रयागराज की लोक गायिका प्रतिमा मिश्रा दर्ज कराया नाम

प्रयागराज। हरियाली तीज के अवसर पर राजधानी लखनऊ में लोक संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, प्रयागराज की राष्ट्रीय लोक गायिका प्रतिमा मिश्रा ने 2100 महिलाओं के साथ सामूहिक रूप से कजरी गायन में सहभागिता कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया।
कार्यक्रम का आयोजन रविवार, 16 अगस्त 2026 को श्रीमती पुनिता भटनागर के नेतृत्व में केडी सिंह बाबू स्टेडियम परिसर स्थित अटल बिहारी हॉल में किया गया। कार्यक्रम में शामिल 2100 महिलाओं के एक हाथ में तुलसी का पौधा और दूसरे हाथ में दीपक रहा। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति का संदेश दिया गया। सामूहिक कजरी गायन में राष्ट्रीय लोक गायिका प्रतिमा मिश्रा के साथ लखनऊ की लोक गायिका संगीता श्रीवास्तव, रेणु दुबे और सुषमा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। उज्जैन से पधारीं शांभवी माता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी 2100 महिलाओं ने एक समान पारंपरिक परिधान पहनकर सामूहिक प्रस्तुति दी। लोकगीतों और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से हरियाली तीज की संस्कृति को जीवंत करने के साथ ही प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Loading

Related posts