नवाबगंज में नवनिर्मित दो आंगनवाड़ी केंद्रों का हुआ भव्य लोकार्पण

नवाबगंज। ग्राम पंचायत नवाबगंज में सोमवार को नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र (प्रथम एवं चतुर्थ भवन) का लोकार्पण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रवीण पटेल एवं फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवनों का लोकार्पण किया और आंगनवाड़ी कार्यकत्री को नए भवन की चाभी सौंपी।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि बच्चों को प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
विशिष्ट अतिथि फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कार्य समय से पूरा कराने और बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए संबंधित विभाग की सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए आवश्यकता पड़ने पर हर संभव मदद की जाएगी।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेंद्र कुमार यादव, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल पाण्डेय, तुलसीराम सरोज, अमरजीत कुशवाहा, विनोद कुमार ओझा, राकेश मिश्र, संजीव सिंह, मनोज द्विवेदी, शोभा देवी, सुनीता देवी, पूजा कुमारी, जंगी लाल मौर्य, नंद लाल मौर्य और सुनील कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक व ग्राम प्रधान पप्पू मौर्य ने समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का माल्यार्पण व स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

Loading

Related posts