शासन के निर्देशानुसार विद्यालय से बाहर (ड्रॉपआउट) बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालयों में नामांकित कराने के उद्देश्य से संचालित शारदा सर्वेक्षण कार्यक्रम के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), प्रयागराज में जनपद के सभी 24 विकासखंडों के अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) का उन्मुखीकरण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम डायट प्रयागराज के प्राचार्य/उप शिक्षा निदेशक डॉ. संतोष कुमार राय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी वीरभद्र प्रताप एवं डॉ. अब्दुल मोहयी उपस्थित रहे।
दोनों अधिकारियों ने शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप शारदा सर्वेक्षण के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी एआरपी को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकासखंडों में परिषदीय शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालय से बाहर प्रत्येक बच्चे की पहचान एवं उसका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करें। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि इस अभियान में डी.एल.एड. प्रशिक्षु, परिषदीय शिक्षक एवं एआरपी संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभाएंगे। सभी प्रतिभागियों से मिशन मोड में कार्य करते हुए प्रत्येक ड्रॉपआउट बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से शारदा सर्वेक्षण कार्यक्रम को सफल बनाते हुए जनपद में विद्यालय से बाहर बच्चों की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। बैठक के उपरांत सभी एआरपी अपने-अपने विकासखंडों में अभियान के क्रियान्वयन हेतु सक्रिय रूप से कार्य में जुट गए।
![]()
