![]()
रेप पीड़िता के घर पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर रविवार को समाजवादी पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे पासिन, मजरा बेवल पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने रेप पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और परिवार को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।प्रतिनिधिमंडल में सांसद आर.के. चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष सी.एल. वर्मा, सपा जिलाध्यक्ष इंजीनियर वीरेंद्र यादव, 179 हरचंदपुर विधानसभा से सपा विधायक राहुल लोधी, सलोन विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चौधरी सुरेश निर्मल, विधानसभा अध्यक्ष पुत्तन सिंह यादव, डीह ब्लॉक अध्यक्ष आदर्श यादव, विनोद कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और अब तक हुई पुलिस एवं प्रशासनिक कार्रवाई के संबंध में भी बातचीत की। परिवार ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर सपा नेताओं ने आश्वासन दिया कि पार्टी इस मामले को गंभीरता से लेकर हर स्तर पर आवाज उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।सपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही पीड़िता को पर्याप्त सुरक्षा, सरकारी सहायता औरनियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।विधायक राहुल लोधी ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी और दोषियों को कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस नहीं होने दी जाएगी और पार्टी लगातार उनके संपर्क में रहेगी।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कानून का भय अपराधियों में दिखाई देना चाहिए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि पीड़ित परिवार के साथ किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण स्थिति उत्पन्न होती है तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उनके समर्थन में संघर्ष करेगी।इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज रही और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
