जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व से जुड़े भूमि विवादों के शांतिपूर्ण और स्थाई समाधान के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन कर उन्हें तुरंत मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थलीय जांच के आधार पर पारदर्शिता के साथ मामलों को सुलझाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपसी विवादों के मामलों में बिना किसी विलंब के त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, संवेदनशील मामलों में नियमानुसार निरोधात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला संबंधी अपराधों, भूमि विवादों तथा अवैध कब्जों से जुड़े मामलों को शीर्ष प्राथमिकता पर रखते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि थाना समाधान दिवस से संबंधित रजिस्टर में प्रत्येक शिकायत और उसके निस्तारण का पूर्ण विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही, समस्त अभिलेखों को पूरी तरह से अद्यतन बनाए रखा जाए ताकि भविष्य में शिकायतों की मॉनिटरिंग पारदर्शी तरीके से हो सके।
इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी सिधौली सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
![]()
