ग्रामीणों के लिए वरदान बना निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 166 मरीजों ने उठाया लाभ

लहरपुर (सीतापुर)। तहसील लहरपुर के कोंसर स्थित विशेश्वर दयाल महाविद्यालय में शनिवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन पीताम्बरा शिक्षा समिति एवं के.पी. सिंह मेमोरियल अस्पताल द्वारा जनरल इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन के सहयोग से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ समिति के मैनेजर डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक एवं बिसवाँ विधायक निर्मल वर्मा, प्राचार्य डॉ. एस.के. वर्मा तथा महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
शिविर में 166 मरीजों का पंजीकरण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सभी मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, आवश्यक जांच और दवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान 60 मरीजों के रक्त नमूने लिए गए, जबकि 110 से अधिक लोगों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों को उनके घर के निकट बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
शिविर में डॉ. एस.ए. मीर (जनरल मेडिसिन), डॉ. अहतीशाम खान (जनरल फिजिशियन), डॉ. हर्षित जैन (सर्जन) एवं डॉ. मुस्कान (स्त्री रोग विशेषज्ञ) सहित नर्सिंग स्टाफ ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में स्वयंसेवकों की भूमिका भी सराहनीय रही। उन्होंने पंजीकरण, जांच, दवा वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया। इस अवसर पर प्रोग्राम मैनेजर अंशुमान सिंह, कार्यक्रम संयोजक ऐश्वर्य प्रताप सिंह, के.पी. सिंह मेमोरियल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के डायरेक्टर डॉ. अनुप कुमार सरवैया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, सहयोगियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

Loading

Related posts