बारिश के बाद खेत में धंसी जमीन, प्राचीन संरचना मिलने की आशंका से मचा हड़कंप

रायबरेली के ओई गांव में जमीन के नीचे दिखीं प्राचीन ईंटों की दीवारें, गुफानुमा रास्ते के दावे; प्रशासन ने शुरू कराई जांच

हरचंदपुर (रायबरेली)। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ओई गांव में लगातार हो रही बारिश के बाद एक खेत की जमीन अचानक धंस जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। धंसी हुई जमीन के भीतर प्राचीन ईंटों से बनी संरचना और गुफानुमा रास्ता दिखाई देने के दावों ने ग्रामीणों की उत्सुकता बढ़ा दी। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और उप-जिलाधिकारी महराजगंज ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के बाद खेत में करीब एक मीटर चौड़ा और काफी गहरा गड्ढा बन गया। गड्ढे के भीतर झांकने पर प्राचीन शैली की ईंटों से बनी दीवारें दिखाई दीं, जिससे लोगों में चर्चा शुरू हो गई कि जमीन के नीचे कोई प्राचीन महल, किला, तहखाना या गुप्त सुरंग हो सकती है। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए उप-जिलाधिकारी महराजगंज ने स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए विशेषज्ञों से जांच कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन के नीचे दिखाई दे रही संरचना किसी ऐतिहासिक धरोहर का हिस्सा है या फिर कोई पुराना निर्माण अथवा प्राकृतिक भूगर्भीय संरचना।
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने लोगों से गड्ढे के पास न जाने की अपील की है और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।यदि जांच में यह संरचना ऐतिहासिक महत्व की पाई जाती है, तो यह खोज रायबरेली ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। फिलहाल प्रशासन की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Loading

Related posts