जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, प्रयागराज के तत्वावधान में आयोजित गणितीय ओलंपियाड में जिले के 24 ब्लॉकों के विद्यालयों से चयनित 240 प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता तीन स्तरीय प्रक्रिया — विद्यालय स्तर, ब्लॉक स्तर और जिला स्तर — के तहत सम्पन्न हुई। प्रत्येक ब्लॉक से 10-10 उत्कृष्ट बच्चों का चयन कर उन्हें जिला स्तर की परीक्षा में सम्मिलित किया गया।
यह परीक्षा विशेष रूप से कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी। कक्षा 6 में कुल 72 विद्यार्थियों में से 63 उपस्थित रहे, कक्षा 7 में कुल 72 विद्यार्थियों में से 57 उपस्थित रहे और कक्षा 8 में कुल 96 विद्यार्थियों में से 82 उपस्थित रहे। कुल 240 विद्यार्थियों में से 202 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा डायट प्राचार्य श्री राजेंद्र प्रताप के मार्गदर्शन में तथा गणित प्रवक्ता श्री अखिलेश सिंह और भौतिक विज्ञान प्रवक्ता श्री विपिन सिंह (नोडल अधिकारी) की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न हुई। परीक्षा एक ही सत्र में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों को चार अलग-अलग कक्षों में बैठाया गया। कक्षवार जिम्मेदारी इस प्रकार थी — प्रथम कक्ष: डॉ. कुलभूषण मौर्य एवं वर्तिका कुशवाहा; द्वितीय कक्ष: डॉ. प्रसून सिंह एवं विपिन सिंह; तृतीय कक्ष: डॉ. अंबालिका मिश्रा एवं वीरभद्र प्रताप; चतुर्थ कक्ष: डॉ. राजेश पांडे एवं निधि मिश्रा। सभी कक्षों में परीक्षा शांतिपूर्ण, अनुशासित और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई।
प्राचार्य श्री राजेंद्र प्रताप ने संवाददाता से बातचीत में कहा,
“यह गणितीय ओलंपियाड केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की तार्किक सोच, सृजनात्मकता और आत्मविश्वास को परखने का अवसर है। इसका उद्देश्य गणित विषय के प्रति बच्चों में अभिरुचि, निपुणता और खोज की भावना विकसित करना है। जिला स्तर पर आयोजित यह प्रतियोगिता आगे मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देगी। यह प्रयागराज के लिए गर्व का विषय है कि हमने प्रतिभा को पहचानने की दिशा में यह पहल की है।”
इस अवसर पर सभी प्रवक्ताओं ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की और गणित को जीवन में तार्किक और वैज्ञानिक सोच का आधार बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()
