टेलर ने इस एल्बम की घोषणा अगस्त 2025 में अपने बॉयफ्रेंड ट्रैविस केल्से के पॉडकास्ट, न्यू हाइट्स, पर की थी। इस घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर, ‘स्विफ्टीज’ (टेलर के फैंस) ने रिलीज की तारीख (जो कि ट्रैविस के जन्मदिन से ठीक दो दिन पहले है) से लेकर एल्बम के कवर तक में छिपे सुराग खोजने शुरू कर दिए। कवर आर्ट में टेलर एक सिल्वर बीडेड ब्रा टॉप में पानी में डूबी हुई हैं, जो फिरोजी और नारंगी रंगों से घिरा हुआ है, इन रंगों का मजाक वो पहले भी उडा चुकी हैं।
एल्बम की चमक-दमक के बीच, एक गाने के शीर्षक ने सबसे ज्यादा हंगामा मचाया है: ‘रुइन द फ्रेंडशिप’। एल्बम में छठे नंबर पर रखे गए इस ट्रैक के शीर्षक ने फैंस को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या यह गाना उनकी पुरानी दोस्त ब्लेक लाइवली के बारे में है।
सोशल मीडिया पर फैंस अपनी-अपनी थ्योरीज दे रहे हैं। एक प्रशंसक ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लिखा, ‘और कौन सोचता है कि ‘रुइन द फ्रेंडशिप’ और ‘कैंसेल्ड!’ ब्लेक लाइवली और टेलर स्विफ्ट के बारे में हैं?’ एक और प्रशंसक ने कहा, ‘टेलर स्विफ्ट का ‘रुइन द फ्रेंडशिप’ ब्लेक लाइवली के बारे में ही होना चाहिए।’ इन अटकलों ने फैंस के बीच उत्सुकता को और बढा दिया है।
![]()
