एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम: PM मोदी ने किंग चार्ल्स को भेंट किया रुमाल ट्री; सैंड्रिंघम एस्टेट में लगाया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को पूर्वी इंग्लैंड के नॉरकॉफ स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने किंग चार्ल्स के स्वास्थ्य में सुधार और उनके शाही कर्तव्यों को फिर से शुरू करने पर खुशी व्यक्त की। साथ ही पीएम मोदी ने उन्हें अपनी एक पेड़ मां के नाम पर्यावरण पहल के तहत एक पौधा भेंट किया। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने संवाददाताओं को बताया कि शरद ऋतु में पौधरोपण के मौसम में सैंड्रिंघम एस्टेट में यह पौधा लगाया जाएगा।

रूमाल ट्री के नाम से जाना जाता है पीएम मोदी द्वारा भेंट किया पौधा
किंग को भेंट किया गया पौधा डेविडिया इनवोलुक्रेटा ‘सोनोमा’ के नाम से जाना जाता है, जिसे आमतौर पर सोनोमा डव ट्री या रूमाल ट्री के रूप में जाना जाता है। यह एक सजावटी पेड़ है जो प्रचुर मात्रा में फूलों के लिए जाना जाता है। किंग चार्ल्स और मोदी पर्यावरण पर एक जैसे दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं और उनकी बैठक के दौरान योग और आयुर्वेद जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

इन विषयों पर हुई चर्चा
सैंड्रिंघम एस्टेट में मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और किंग ने आयुर्वेद और योग सहित स्वास्थ्य और सतत जीवन से संबंधित मामलों और दुनिया भर के लोगों तक इनके लाभों को फैलाने के तरीकों पर चर्चा की। इसके अलावा, दोनों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर से दोनों देशों की साझेदारी को नई गति मिलेगी। वहीं, प्रधानमंत्री ने महामहिम को सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और स्थिरता के संबंध में अपने साझा दृष्टिकोण को सहयोग और बढ़ावा देने के तरीकों पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री और किंग चार्ल्स ने उन तरीकों पर भी चर्चा की जिनसे ब्रिटेन और भारत राष्ट्रमंडल में एक साथ काम कर सकते हैं।

मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने किंग राजा चार्ल्स तृतीय को उनके आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्हें भारत की राजकीय यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया।

Loading

Related posts