गोरखपुर और वाराणसी रूट की रोडवेज बसों का बढ़ गया किराया, कांवड़ यात्रा के चलते बदल गया है रूट

प्रयागराज में सावन के दौरान कांवड़ यात्रा के चलते शास्त्री पुल पर बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। सावन 11 जुलाई से शुरू हो चुका है। इस वजह से शास्त्री पुल पर रोडवेज बसों की आवाजाही नहीं होगी। ऐसे में वाराणसी व गोरखपुर की ओर जाने वाली बसों का संचालन झूंसी की जगह फाफामऊ के रास्ते होगा।

फाफामऊ होकर वाराणसी व गोरखपुर जाने वाली बसों का संचालन होने की वजह से इन दाेनों शहरों की जहां एक ओर दूरी बढ़ जाएगी तो वहीं दूसरी ओर यात्रियों को किराया भी ज्यादा देना होगा। वाराणसी रूट पर इसका ज्यादा असर दिखेगा। अभी साधारण बस से वाराणसी जाने के लिए यात्रियों को 197 रुपये किराये के रूप में देने होते हैं, लेकिन जब बस वाया फाफामऊ होकर चलेगी तो 225 रुपये हो गया है। झूंसी होकर वाराणसी की दूरी 126 किमी है, जबकि फाफामऊ होकर यह दूरी 144 किमी हो जाएगी।

इसी तरह गोरखपुर की भी दूरी 582 की जगह 606 किमी हो जाएगी। अभी साधारण बस से गोरखपुर का किराया 428 रुपये है, जबकि दूरी बढ़ने पर किराया 440 रुपये हो गया। इसी क्रम में यात्रियों को गोपीगंज, जौनपुर, आजमगढ़, फूलपुर, गाजीपुर, देवरिया आदि जगह जाने के लिए भी ज्यादा किराया ही देना होगा। यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि अगर शास्त्री पुल पर शुक्रवार से बसों का आवागमन रुकता है तो गोरखपुर और वाराणसी रूट की बसों का किराया दूरी के हिसाब से बढ़ जाएगा।

Loading

Related posts