मुंबई लगातार चौथी जीत के साथ अंक तालिका में 10 अंक और 0.673 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद आठ में छह मैच गंवाकर नौवें स्थान पर है। अब मुंबई का सामना 27 अप्रैल यानी रविवार को लखनऊ से होगा। इस मैच में जीत के साथ हार्दिक पांड्या की टीम स्थिति मजबूत करने उतरेगी।
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को जयदेव उनादकट ने पहला झटका दिया था। उन्होंने रेयान रिकेल्टन को कैच आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। इसके बाद मोर्चा रोहित शर्मा और विल जैक्स ने संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 64 रन की साझेदारी हुई, जिसे जीशान अंसारी ने तोड़ा। उन्होंने जैक्स को अभिनव मनोहर के हाथों कैच कराया। वह दौ चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा को सूर्यकुमार यादव का साथ मिला। दोनों ने 32 गेंदों में 53 रन जोड़े और जीत सुनिश्चित की।
हिटमैन इस मैच में एक बार फिर अर्धशतकीय पारी खेलने में कामयाब हुए। उन्होंने 46 गेंदों में 70 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 35 गेंदों में अर्धशतक आया। हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में रोहित ने 152.17 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और दो चौके व एक छक्का लगाया। वहीं, सूर्यकुमार यादव 40 और तिलक वर्मा दो रन बनाकर नाबाद रहे।
![]()
