नैनी,प्रयागराज। यमुनापार के नैनी में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुराने टोल प्लाजा के पास से पकड़े गए आरोपियों के पास से 10 पिस्टल 32 बोर, 4 तमंचे 315 बोर, 8 खाली मैगजीन और 700 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पकड़े गए तस्करों में मेजा के मदरा मुकुन्दपुर निवासी नीरज मिश्रा, मिर्जापुर के हलिया निवासी सुनील दुबे और मेजा के दोहरिया निवासी सत्य प्रकाश यादव शामिल हैं। डीसीपी विवेक चंद्र यादव के अनुसार, आरोपी मेजा के बिपिन से हथियार खरीदते थे। बिपिन मिर्जापुर से हथियार मंगवाता था।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी 26 हजार रुपये में तमंचा और 30 हजार रुपये में पिस्टल खरीदते थे। इन्हें क्रमशः 35 हजार और 45 हजार रुपये में बेचा जाता था। इनकी सप्लाई अन्य जिलों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी की जाती थी। तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इन्हें आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में गिरफ्तार किया है। गैंग के सरगना और मिर्जापुर में चल रही हथियारों की फैक्ट्री की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। मुख्य आरोपी बिपिन अभी फरार है।