इस तरह 19 नवंबर से एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स कंपनी का प्रवर्तक बन गया है। यह घटनाक्रम फेयरफैक्स समूह की भारत में निवेश रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण है। समूह ने एक दिन पहले ही आईआईएफएल फाइनेंस में अपनी 13.24 प्रतिशत हिस्सेदारी 3,488 करोड़ रुपये में बेची थी।
फेयरफैक्स ने अक्टूबर में करीब 53,000 करोड़ रुपये में आईडीबीआई बैंक की लगभग 61 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की योजना की घोषणा की थी। एनएसई पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स ने 4.40 करोड़ शेयर खरीदे, जो आईआईएफएल कैपिटल की 13.95 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। ये शेयर औसतन 350 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे गए।
इस सौदे का कुल मूल्य 1,540 करोड़ रुपये रहा। इस खरीद के बाद आईआईएफएल कैपिटल में एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स की प्रत्यक्ष हिस्सेदारी 26.84 प्रतिशत से बढ़कर 40.79 प्रतिशत हो गई। वहीं, संबद्ध इकाइयों के साथ फेयरफैक्स समूह की कुल हिस्सेदारी 44.08 प्रतिशत हो गई।
दूसरी ओर, मौजूदा प्रवर्तक समूह ने अपनी हिस्सेदारी घटाई है। आईआईएफएल समूह के संस्थापक निर्मल भंवरलाल जैन ने 3.23 करोड़ शेयर यानी 10.24 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,130.50 करोड़ रुपये में बेची। वहीं, वेंकटरमण राजमणि ने 87 लाख शेयर 304.50 करोड़ रुपये में बेचे।
प्रवर्तक समूह की इकाइयों आर्डेंट इम्पेक्स और कल्कि फैमिली प्राइवेट ट्रस्ट ने भी क्रमशः 70 करोड़ रुपये और 35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इन सौदों के बाद कंपनी में मौजूदा प्रवर्तकों और प्रवर्तक समूह की संयुक्त हिस्सेदारी 25.80 प्रतिशत से घटकर 11.85 प्रतिशत रह गई।
![]()
