धाता/फतेहपुर:- नवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को धाता थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने की। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने सहभागिता की।
बैठक में थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने से भी लोगों को सचेत किया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों से सुझाव भी लिए। साथ ही किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने नवरात्रि के दौरान प्रमुख स्थानों एवं कार्यक्रम स्थलों पर निगरानी रखने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही। बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
![]()
