दशहरा-नवरात्रि को लेकर महापौर ने किया चौकी मार्ग का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

मेले से पहले हर मार्ग होगा दुरुस्त, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं

प्रयागराज, 05 अक्टूबर 2026। आगामी दशहरा, दुर्गा पूजा एवं नवरात्रि के दृष्टिगत महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने सोमवार को चौकी मार्ग सहित प्रमुख मेला मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पथरचट्टी रामलीला मैदान, रामबाग फ्लाईओवर, पंचकोशी रोड, माया प्रेस, समयामाता मंदिर कटघर, रामबाग हनुमान मंदिर से साउथ मलाका, कालीबाड़ी मंदिर, मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र, शीशमहल, हटिया एवं कटघर चौराहे सहित विभिन्न मार्गों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त, मार्ग प्रकाश के बिंदु बंद, सीवर के ढक्कन ऊंचे एवं क्षतिग्रस्त तथा बिजली व नेटवर्क कंपनियों के तार बेतरतीब लटके पाए गए। वहीं मोहत्सिमगंज स्थित स्टेटमैन बेकरी वाली गली में सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले से पूर्व सभी मेला मार्गों पर पैचवर्क, क्षतिग्रस्त पटरी व लिंक मार्गों की मरम्मत, सीवर एवं नालियों की सफाई, टूटे ढक्कनों को बदलने, मार्ग प्रकाश दुरुस्त करने तथा लटके तारों को व्यवस्थित करने का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए। उन्होंने मार्गों की समुचित सफाई, कूड़ा एवं मलवा निस्तारण, कीटनाशक छिड़काव, लीकेज की समस्या दूर करने, आवारा पशुओं को पकड़ने तथा आवश्यकतानुसार अस्थायी मार्ग प्रकाश, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं और कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, सहायक अभियंता जलकल अनिल मौर्या, जोनल सेनेटरी ऑफिसर अरविन्द एवं प्रवीन, अवर अभियंता, पार्षद नीरज गुप्ता, रितेश मिश्रा, कुसुमलता अरुण सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं मेला कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

Loading

Related posts