नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत महापौर श्री गणेश केसरवानी जी ने श्री महंत बाबा हाथी राम पजावा रामलीला कमेटी, अतरसुईया क्षेत्र के दशहरा मार्गों का नगर निगम के अधिकारियों एवं पार्षदगण के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों एवं विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अतरसुईया क्षेत्र में सीएम ग्रिड के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण एवं अन्य कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि सीएम ग्रिड के अंतर्गत चल रहे सभी आवश्यक कार्यों को दशहरा पर्व से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराया जाए, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व से पहले सड़क एवं मार्गों से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं तथा जहां कार्य चल रहे हैं, वहां आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने दशहरा मार्गों, आसपास के क्षेत्रों एवं आयोजन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़ा एवं मलवा तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नालियों एवं सीवर की समुचित सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
महापौर ने सीवर लाइन एवं सीवर ढक्कनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों की मरम्मत तथा टूटे हुए एवं क्षतिग्रस्त ढक्कनों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने, आवश्यकता वाले स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मार्गों पर लटके हुए तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
पर्व के दृष्टिगत महापौर ने कीटनाशक एवं एंटी लार्वा छिड़काव की समुचित व्यवस्था कराने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एवं आवश्यक स्थानों पर शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं पर्व से पहले पूरी तरह तैयार रहें।
महापौर श्री गणेश केसरवानी जी ने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा एवं दशहरा हमारे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व हैं। इन पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक एवं रामलीला आयोजनों में सम्मिलित होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश, सीवर, जल निकासी, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दशहरा पर्व से पूर्व प्रत्येक आवश्यक व्यवस्था को पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
महापौर ने यह भी निर्देश दिया कि पर्व से पूर्व दशहरा मार्गों का पुनः निरीक्षण कर शेष कार्यों एवं कमियों को चिन्हित किया जाए तथा उनका तत्काल समाधान कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान गिरी शंकर प्रभाकर, राम जी केसरवानी, नीरज टंडन जी, गिरिजेश मिश्र, विष्णु त्रिपाठी, शादमान, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार, अवर अभियंता राम सक्सेना, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, मुख्य अभियंता जनकार्य दिनेश चंद्र सचान सहित नगर निगम के अन्य अधिकारीगण एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()
