
समारोह को सम्बोधित करते हुये महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने कहा कि कार्मिक विभाग द्वारा कर्मचारियों के हित के लिये इतना अच्छा कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री बोरवणकर ने कहा कि वर्तमान में चक्रवाती तूफान के कारण उत्पन्न हुई विषम परिस्थितियों में भी पूर्वोत्तर रेलवे के कर्मचारी 24 घंटे निरन्तर कार्य कर रहे हैं, जिससे निर्बाध रेल संचलन हो सके, जिसके लिये वे बधाई के पात्र हैं। इस दौरान महाप्रबन्धक ने पूर्वोत्तर रेलवे पर उत्कृष्ट कार्य कर रहे रेल कर्मचारियों का नाम भी उल्लिखित किया। उन्होंने कहा कि इस रेलवे पर प्रत्येक माह संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करे रहे रेल कर्मियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ‘ से पुरस्कृत किया जाता है। महाप्रबन्धक ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन रेल कर्मचारियों के लिये कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण बनाने के लिये सतत प्रयत्नशील है तथा महिला कर्मचारियों के लिये उन्नत सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस रेलवे पर रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये लंच रूम एवं प्रसाधन समान रूप से उपलब्ध कराये जा रहे हैं। महाप्रबन्धक ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन अनुकम्पा नियुक्तियों का निस्तारण न्यूनतम समय में करने के लिये प्रतिबद्ध है। अन्त में श्री बोरवणकर ने साहित्यकार आचार्य रामचंद्र शुक्ल की पंक्तियों का वर्णन किया, जिससे उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गये। इस अवसर पर अपर सदस्य (मानव संसाधन), रेलवे बोर्ड श्री प्रवास पी. पांडे ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे पर प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार के नेतृत्व में कर्मचारी कल्याण का बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है, जो अन्य रेलों के लिये भी एक मिसाल साबित होगा। श्री पांडे ने कहा कि एच.आर.एम.एस. बहुत बड़ा तंत्र है और इससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है। एच.आर.एम.एस. माड्यूल बेहतर तरीके से कार्य कर रहे हैं तथा रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के फीडबैक के आधार पर इनके मॉड्यूल में सुधार किया जाता है। इसके पूर्व, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार ने स्वागत सम्बोधन में कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे पर पहली बार कर्मचारियों के सम्मान में कर्मचारी अधिकार सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके उपरान्त श्री मनोज कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा कर्मचारी हितों, पदोन्नति, कैरियर प्रगति, अनुकम्पा नियुक्ति, कर्मचारी कल्याण एवं कार्य परिवेश में सुधार के क्षेत्र में किये जा रहे निरन्तर प्रयासों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किये। वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी/मुख्यालय श्री गोपाल प्रसाद गुप्ता ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कार्यक्रम का संचालन श्री आसिफ जहीर एवं श्रीमती रचना श्रीवास्तव ने किया।
![]()
