जल निकासी एवं वर्षा जलभराव के स्थायी समाधान पर महापौर ने दिया जोर, संपूर्ण प्रयागराज का सर्वे कराने के निर्देश

प्रयागराज।

नगर निगम प्रयागराज स्मार्ट सिटी मीटिंग हॉल में महापौर गणेश केसरवानी की अध्यक्षता में शहर की जल निकासी व्यवस्था, वर्षा जलभराव की समस्या, नाला-नालियों की सफाई, सीवर व्यवस्था एवं एसटीपी से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव एवं जल निकासी से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

महापौर ने संपूर्ण प्रयागराज का सर्वे कराकर जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने तथा समस्या के स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख नालों एवं जल निकासी मार्गों की नियमित सफाई कराने तथा जिन स्थानों पर बार-बार जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सीवर एवं एसटीपी से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सीवर एवं जल निकासी से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। पीडीए एवं पीडब्ल्यूडी सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सड़क, नाला एवं जल निकासी से जुड़े कार्य प्रभावी ढंग से कराने पर भी जोर दिया गया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके पर जाकर समस्याओं का निरीक्षण करें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं सुचारु मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष वर्मा, प्रयागराज, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण ऋषि राज, नगर आयुक्त नगर निगम प्रयागराज सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त, शादाब असलम, सहायक नगर आयुक्त, महाप्रबंधक जलकल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, गंगा प्रदूषण इकाई सहित नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Related posts