अतुल सिंह का जनसंपर्क अभियान, बोले— “देश की जनता राहुल गांधी के साथ, 2027 में होगा परिवर्तन”

ऊँचाहार (रायबरेली)। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने विधानसभा ऊँचाहार के तिवारीपुर, मियापुर, गौरैयापुर, अलीगंज, मदारीगंज सहित कई गाँवों में चौपाल एवं जनसंपर्क अभियान चलाकर vग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने की अपील की।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अतुल सिंह ने कहा कि, “आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं और मैं हमेशा परिवार के सदस्य की तरह आपकी सेवा करता रहूँगा।” उन्होंने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि धान की रोपाई के समय किसानों को खाद और सिंचाई के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर हैं, नालियों के अभाव में लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और आवारा पशुओं से किसान व आमजन दोनों परेशान हैं। साथ ही बढ़ते बिजली बिलों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा।
अतुल सिंह ने कहा कि जब देश का युवा दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा था, तब सत्ता पक्ष के लोग मौन थे, जबकि आज उन्हीं युवाओं को गुंडा-मवाली कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं को माफ करने की बात करना उचित नहीं है, क्योंकि देश के युवाओं ने कोई गलती नहीं की है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के हित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं तथा देश की जनता उन पर विश्वास जता रही है। अतुल सिंह ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऊँचाहार की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
इस अवसर पर शिवकुमार पांडे, जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, जिला सचिव अनुज सिंह, आर. एन. गौतम, रामदत्त पांडे, करण बहादुर सिंह, विनोद मौर्य, रामफेर पटेल, जय ठाकुर, रामनरेश यादव, अनूप पटेल, गोलू अग्रहरि, रामबाबू अग्रहरि, राकेश यादव, मोहम्मद मुस्तफा, रवि सिंह, सुनील शर्मा, दीपक पटेल, राममिलन पटेल, रामअधार पाल, संतलाल पाल, दिलीप सिंह, जवाहर यादव, राजकुमार सरोज, सूरज सरोज, रणजीत सरोज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Loading

Related posts