सावन के पहले सोमवार पर हर-हर महादेव से गूंजा कानपुर

कानपुर। सावन के पहले सोमवार को शहर के प्रमुख शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। भोर से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। परमट स्थित बाबा आनंदेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबा को दूध, गंगाजल और जल अर्पित कर बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल, पुष्प और प्रसाद चढ़ाया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।साकेत नगर स्थित बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।इसी तरह जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ मंदिर, शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर, कल्याणपुर स्थित बाबा भूतनाथ मंदिर और शिवाला स्थित कैलाश मंदिर समेत शहर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भोलेनाथ को दूध, जल, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और फल अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं।सावन के पहले सोमवार को मंदिरों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए शासन-प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे।सुबह से लेकर देर शाम तक शहर के शिवालयों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। सावन के पहले सोमवार पर पूरा कानपुर मानो शिवभक्ति में डूबा नजर आया।

Loading

Related posts