गौशाला से लौट रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत

रायबरेली/लालगंज। लालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गोविंदपुर अलौली गांव निवासी 62 वर्षीय रमेश यादव पुत्र हनुमान यादव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रमेश यादव मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे अपने बछड़े को गौशाला छोड़ने गए थे। गौशाला से वापस घर लौटते समय रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
सूचना पर पहुंची लालगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण, नियमित निगरानी और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Loading

Related posts