शिक्षिका पर छात्रा की बेरहमी से पिटाई का आरोप

कान का पर्दा फटने के बाद दोबारा मारपीट का दावा; परिजनों ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

रायबरेली (बछरावां)। बछरावां कस्बे के एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाली 13 वर्षीय छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने से शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रा की मां ने विद्यालय की एक शिक्षिका पर बेरहमी से पिटाई करने, अभद्र व्यवहार करने और शिकायत करने पर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए थाना बछरावां में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता की मां के अनुसार उनकी बेटी स्थानीय निजी विद्यालय में अध्ययनरत है। आरोप है कि संबंधित शिक्षिका पहले भी कई बार छात्रा की पिटाई कर चुकी हैं। पूर्व में हुई मारपीट के दौरान छात्रा के कान पर गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसका कान का पर्दा फट गया था। इलाज में परिवार के लगभग 20 हजार रुपये खर्च हुए। परिजनों का कहना है कि उपचार के बाद उन्होंने विद्यालय प्रशासन और शिक्षिका को बच्ची की स्थिति से अवगत कराया था तथा विशेष रूप से कान पर चोट न करने का अनुरोध भी किया था।इसके बावजूद आरोप है कि 29 जुलाई को शिक्षिका ने छात्रा को दोबारा पीट दिया, जिससे उसके कान में फिर तेज दर्द शुरू हो गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि शिक्षिका ने छात्रा के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया।मामला तब और बढ़ गया जब 30 जुलाई को छात्रा की मां शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचीं। आरोप है कि वहां शिक्षिका ने उनसे भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इसके बाद महिला ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।पीड़िता की मां ने थाना बछरावां में लिखित तहरीर देकर शिक्षिका के खिलाफ निष्पक्ष जांच, कानूनी कार्रवाई और अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी तो अभिभावकों का भरोसा शिक्षा व्यवस्था से उठ जाएगा।
पुलिस का पक्ष:
बछरावां पुलिस का कहना है कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Related posts