शिक्षकों की समस्याओं पर फूटा आक्रोश, डीआईओएस कार्यालय पर गरजा ‘एकजुट’

*प्रदेश स्तरीय 25 सूत्रीय मांगों, जनपद की 13 सामूहिक समस्याओं एवं 21 व्यक्तिगत प्रकरणों के समाधान की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

चेतावनी— समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर होगा प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन डॉ हरि प्रकाश यादव

प्रयागराज, 30 जुलाई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट), प्रयागराज इकाई के नेतृत्व में गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, प्रयागराज पर शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने में प्रदेश स्तरीय 25 सूत्रीय मांगों, जनपद की 13 सामूहिक समस्याओं तथा 21 व्यक्तिगत प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कार्यक्रम के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश संरक्षक डॉ. हरि प्रकाश यादव ने कहा कि माध्यमिक शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों के धैर्य की परीक्षा न ली जाए और सरकार संगठन की मांगों पर तत्काल निर्णय ले। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में व्यापक एवं चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र वर्मा ने कहा कि शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण शासन की जिम्मेदारी है। शिक्षकों का सम्मान और अधिकार सुरक्षित रहेंगे तभी शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश पासी ने कहा कि संगठन शिक्षकों के हक और सम्मान की लड़ाई पूरे प्रदेश में मजबूती से लड़ रहा है और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदेश आय-व्यय निरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन की सभी मांगें न्यायसंगत एवं व्यावहारिक हैं। शासन को बिना विलंब इनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

प्रदेश मंत्री संदीप शुक्ला एवं प्रदेश मंत्री तीर्थराज पटेल ने सरकार से शिक्षकों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि शिक्षकों की उपेक्षा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

धरने की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष देवराज सिंह ने कहा कि जनपद की 13 सामूहिक मांगों एवं 21 व्यक्तिगत प्रकरणों का लंबे समय से निस्तारण न होने के कारण शिक्षकों में गहरा असंतोष है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो संगठन आंदोलन को और व्यापक करेगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री डी. पी. यादव ने किया। उन्होंने प्रदेश स्तरीय मांगों एवं जनपद की समस्याओं का विस्तृत उल्लेख करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा तथा कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन के अगले चरण की घोषणा करेगा।

अंत में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर प्रदेश स्तरीय 25 सूत्रीय मांगों, जनपद की 13 सामूहिक मांगों तथा 21 व्यक्तिगत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं शिक्षा विभाग की होगी।
धरना – प्रदर्शन में प्रदेश मीडिया प्रभारी सुधाकर ज्ञानार्थी, मंडल सरंक्षक रविन्द्र यादव, जिला संरक्षक लालमणि यादव,जिला कोषाध्यक्ष अरुण सिंह,अरुण सोनी, जिला संगठन मंत्री दिनेश यादव, जिला मीडिया प्रभारी अनिल भारती, जिला उपाध्यक्ष गार्गी श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, विजय विद्रोही, डॉ. राजेश सिन्हा, अनिल तिवारी, अनुभान सिंह, राधेश प्रताप, राजेश कुशवाहा, राकेश यादव, अजय विश्वकर्मा, जिला संयुक्त मंत्री आकांक्षा कुशवाहा, अमृता यादव, वीरेंद्र कुशवाहा, देवेंद्र प्रताप सिंह तथा प्रकाश जायसवाल, विजय यादव, शैलेन्द्र सरोज, महेंद्र मौर्य, शांति प्रसाद विश्वकर्मा, विनोद यादव, राकेश कुमार, राजीव रंजन पटेल,रूप चन्द्र गौतम, कृष्ण कांत नंद लाल यादव, महेन्द्र कुमार, सहित बड़ी संख्या शिक्षक संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Related posts