प्रेम विवाह के दो साल बाद युवक की संदिग्ध मौत, फंदे से लटका मिला शव

बछरावां (रायबरेली)। बछरावां थाना क्षेत्र के चुरुवा सिन्नत खेड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने पत्नी और उसके मायके पक्ष पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार, मृतक मोहन (24) ने करीब दो वर्ष पूर्व गांव की ही खुशबू से प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक के पिता का कहना है कि उनके बेटे की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को लिखित तहरीर देकर पत्नी व उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना के बाद पत्नी अपने पति का अंतिम दर्शन करने तक नहीं पहुंची, जिससे परिवार का संदेह और गहरा गया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।सूचना पर पहुंची बछरावां पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक की पत्नी के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Related posts