निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक महोदय ने हरदुआगंज यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड की परिचालन क्षमता, रेल पथों की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, अनुरक्षण कार्यों तथा संरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों से विभिन्न विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ संपादित करने तथा यात्री एवं मालगाड़ियों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक महोदय ने निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत अलीगढ़ रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहाँ उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, रखरखाव एवं कर्मचारियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने अलीगढ़–डावर रेलखंड की विंडो ट्रेलिंग करते हुए टीएचडीसी साइडिंग, डावर का निरीक्षण किया तथा माल यातायात से संबंधित व्यवस्थाओं एवं परिचालन प्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल अवसंरचना के बेहतर रखरखाव, समयबद्ध अनुरक्षण तथा कार्यस्थलों पर स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षणों के माध्यम से रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय बनाया जा सकता है। साथ ही यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएँ उपलब्ध कराने तथा माल परिवहन को अधिक दक्ष एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति श्री मनीष शर्मा, सचिव/महाप्रबंधक श्री अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (चतुर्थ), प्रयागराज मंडल श्री अविलय यादव सहित उत्तर मध्य रेलवे एवं प्रयागराज मंडल के अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
![]()
