![]()
कानपुर सेंट्रल से कुख्यात चोर दबोचा, सोने की बाली व नकदी बरामद
कानपुर। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक सोने की बाली और ₹7 हजार नकद बरामद हुए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।जीआरपी के अनुसार, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम रविवार देर रात प्लेटफॉर्म नंबर-9 के सिटी साइड अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपी की पहचान राज नारायण सिंह उर्फ नत्थू, निवासी रायपट्टी, थाना अमानीगंज खंडासा, जिला अयोध्या के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सो रहे अथवा इंतजार कर रहे यात्रियों को निशाना बनाकर नगदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी करता था। उसके खिलाफ पहले से चोरी सहित विभिन्न धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। कार्रवाई में जीआरपी और आरपीएफ के कई अधिकारी व जवान शामिल रहे।
