आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए गए निर्देश
रायबरेली-24 जुलाई 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के नगरीय क्षेत्रों के समग्र, सुव्यवस्थित एवं सतत विकास के उद्देश्य से नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नगर निकायों में संचालित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगरों का सुव्यवस्थित विकास तभी संभव है, जब सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पशुओं के शवों के उचित एवं सुरक्षित निस्तारण के लिए उपयुक्त भूमि का शीघ्र चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों को होने वाली असुविधाओं से भी राहत मिलेगी।
बैठक में नगरीय क्षेत्रों में जर्जर एवं पुराने विद्युत तारों को चरणबद्ध तरीके से बदलने, सड़कों पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्युत सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने नगर क्षेत्रों में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उपयुक्त स्थानों पर पार्किंग स्थलों के विकास, प्रमुख मार्गों एवं बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए, साथ ही नियमित अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बैठक में हर घर नल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की एवं निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र परिवार तक शुद्ध पेयजल की सुविधा समयबद्ध रूप से पहुंचाई जाए तथा जिन क्षेत्रों में कार्य शेष है, वहां तेजी से कार्य पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों तथा संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद शत्रोहन सोनकर सहित जनपद की समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
