![]()
बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, धान व बाजरा चौपट होने के कगार पर
लालापुर, प्रयागराज। बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश से धान की फसल बरबाद हो गई है। किसान फसल की कटाई की तैयारी में जुटे थे, मगर बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। कई जगह फसल पानी में डूब गई तो कहीं खेत में गिर गई है।यही हाल बाजरा के फसल का है जो पूरी तरह पक कर तैयार है लेकिन बारिश के कारण सारी फसल खेत मे पड़ी हुई है। क्षेत्र के लालापुर, ओडगी तरहार, मझियारी तरहार,इछौरा, नौढिया तरहार,अमिलिया तरहार, गोबरा, प्रतापपुर,नागनपुर, महेरा, चिल्ला,मानपुर सहित अन्य कई गांव के किसानों ने बताया कि धान औऱ बाजरा की फसल तैयार है लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण न धान की फसल कट पा रही है और न ही बाजरे की। किसानों ने बताया कि कड़ी मेहनत करते हुए रात दिन आवारा पशुओं से फसल की रखवाली करने के बाद अब जब फसल कटने को तैयार हुई तो बारिश के कारण सब चौपट होने के कगार पर है।किसानों ने कहा कि लगातार बारिश के कारण धान की फसल गिर गई है जो दिन प्रतिदिन बेकार हो रही है। कुछ किसानों ने बताया कि हमने बाजरा काट लिया था और कुछ फसल अभी खेत में खड़ी है, अगर बारिश का यही हाल रहा तो पूरी मेहनत बेकार हो जाएगी।बता दें कि क्षेत्र के किसान अपनी सारी जमा पूंजी लगाकर कड़ी मेहनत करते हुए कटाई का इंतजार कर रहे थे लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों के उम्मीद पर पानी फेर दिया है।
