पेड़ पर लटकती मिली युवती ने फांसी लगाकर दी थी जान, पोस्टमार्टम के बाद हुआ खुलासा

प्रयागराज। सोरांव के धोसड़ा गांव के पास एक दिन पहले पेड़ पर फंदे से लटकती मिली सरिता पटेल (21) ने फांसी लगाकर जान दी थी। बुधवार को पोस्टमार्टम में इस बात का खुलासा हुआ। पुलिस ने गांव के ही चंद्रजीत पटेल पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। उधर, मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर परिजनों ने चार घंटे तक शव नहीं उठने दिया। बाद में अफसरों के समझाने पर अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

बेनी हाशिमपुर (नई बाजार), मऊआइमा की रहने वाली सरिता 16 मार्च की सुबह घर से निकलने के बाद गायब हो गई थी। मंगलवार दोपहर तीन बजे के करीब उसका शव सोरांव में धोसड़ा गांव के पास स्थित बाग में मिला था।बुधवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। इस दौरान शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले। यह भी खुलासा हुआ कि फांसी लगाने की वजह से उसकी मौत हो गई। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और मांग पूरी होने तक अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया।
आरोप लगाया कि दबाव में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट को आत्महत्या में दर्ज किया है, ऐसे में इसे हत्या में परिवर्तित किया जाए। 35 लाख मुआवजा दिया जाए। माता-पिता के नाम दो बीघा कृषि भूमि का पट्टा व भाइयों के नाम दो शस्त्र लाइसेंस जारी किया जाए। पुलिस व प्रशासनिक अफसर उनसे बातचीत करते रहे। काफी समझाने के बाद शाम सात बजे फाफामऊ घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने मांगपत्र सीओ सोरांव जंग बहादुर और नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

पोस्टमार्टम में फांसी लगाने से मौत की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
-कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी गंगानगर

आरोपी युवक हिरासत में…..

उधर सूत्रों के मुताबिक नामजद आरोपी चंद्रजीत को पुलिस ने हिरासत में लिया और घंटों पूछताछ की। हालांकि, एसीपी जंगबहादुर यादव का कहना है कि पूछताछ के बाद आरोपी को छोड़ दिया गया है। सीडीआर एनालिसिस व अन्य साक्ष्य एकत्र किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री पहुंचे, दिया मदद का भरोसा……

मऊआइमा। मृतका के घर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। मंत्री ने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. जमुना प्रसाद सरोज, सपा के पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना समेत अन्य मौजूद रहे।

Loading

Related posts