भारतीय रेल सिगनल इंजीनियरिंग एवं दूरसंचार संस्थान (इरिसेट- आई.आर.आई.एस.ई.टी.), सिकंदराबाद के कार्यकारी निदेशक श्री
मुनि कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन एवं वीडियो फिल्म के माध्यम से कवच के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अपर
महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल, प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर श्री राजेश कुमार पाण्डेय, प्रमुख विभागाध्यक्ष,
मंडलों के मंडल रेल प्रबन्धक, वरिष्ठ अधिकारी तथा आर.डी.एस.ओ. के अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यकारी निदेशक/इरिसेट श्री मुनि कुमार ने कहा कि कवच 4.0 वर्जन के अन्तर्गत कवच सिस्टम लगाने का कार्य किया जा रहा है।
कवच में दो प्रमुख घटक हैं; पहला घटक- ऑन बोर्ड इक्यूपमेंट, जिसे लोको कवच भी कहा जाता है। इसमें वाइटल कम्प्यूटर, ब्रेक
इंटरफेस यूनिट, ड्राइवर मशीन इंटरफेस, आर.एफ.आई.डी. रीडर, पल्स जेनरेटर एवं रेडियो एंटीना लगाये जाते हैं। दूसरा घटक- ट्रैक
साइड, जो कि स्टेशनरी कवच यूनिट है, इसमें स्टेशन मास्टर ऑपरेशन कम इंडीकेशन पैनल, कंक्रीट स्लीपरों पर आर.एफ.आई.डी. टैग
तथा 40 मीटर ऊँचे टॉवर एवं एंटीना लगाये जाने का कार्य किया जाता है। आर.एफ.आई.डी. टैग प्रत्येक 01 किमी. पर 01 सेट यानि
कि 02 आर.एफ.आई.डी. टैग लगाये जाते हैं। स्टेशन यार्डों में हर सिगनल के लिये एफ.एफ.आई.डी. टैग लगाया जाता है।
स्वदेशी रूप से विकसित कवच स्वचालित ट्रेन सुरक्षा (ए.टी.पी.) प्रणाली को पूर्वोत्तर रेलवे के 1,441 रूट किमी. पर लगाने का कार्य
रेल मंत्रालय द्वारा रु. 492.21 करोड़ की लागत से स्वीकृत किया गया है। कवच के इंस्टालेशन को प्राथमिकता प्रदान करते हुये इसे
पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल पर लखनऊ जं.-मानक नगर, लखनऊ जं.-मल्हौर, बाराबंकी जं.-बुढ़वल जं., सीतापुर सिटी-बुढ़वल जं.
एवं बुढ़वल जं.-गोरखपुर कैंट; वाराणसी मंडल पर गोरखपुर कैंट-गोल्डिनगंज, गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर रोड, भटनी जं.-वाराणसी
जं., वाराणसी जं.-प्रयागराज जं. एवं औंड़िहार जं.-छपरा जं.; तथा इज्जतनगर मंडल पर रावतपुर-फर्रुखाबाद जं., फर्रुखाबाद जं.-
कासगंज जं. एवं कासगंज जं.-मथुरा जं. खंडों पर कवच का कार्य स्वीकृत है।
प्रथम चरण में पूर्वोत्तर रेलवे के 558 रूट किमी. पर कवच लगाने का कार्य किया जायेगा, जिसमें लखनऊ मंडल के सीतापुर सिटी-
बुढ़वल जं., बुढ़वल जं.-गोरखपुर कैंट, मानक नगर-लखनऊ जं.-मल्हौर एवं बाराबंकी-बुढ़वल जं.; तथा वाराणसी मंडल के गोरखपुर
कैंट-गोल्डिनगंज खंड सम्मिलित हैं।
इस रेलवे पर टॉवर कार्य एवं कवच उपकरण हेतु दो निविदाओं के माध्यम से कवच स्थापित करने का कार्य किया जायेगा। वर्तमान में
मुख्य मार्ग छपरा-बाराबंकी में टॉवर लगाने का कार्य प्रगति पर है तथा गोरखपुर कैंट-छपरा ग्रामीण के मध्य टॉवर लगाने का निविदा
दिया गया है। कवच उपकरण हेतु निविदा का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा इसे लगाने हेतु सर्वे का कार्य प्रगति पर है।
![]()
