समारोह को सम्बोधित करते हुये महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने कहा कि 17 सितम्बर से 01 अक्टूबर, 2025 तक ’’स्वच्छता ही सेवा’’ कार्यक्रम पूरे देश में मनाया गया। इसके उपरान्त 01 से 15 अक्टूबर,2025 तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा-2025 के दौरान पूर्वाेत्तर रेलवे पर स्वच्छता संबंधी अनेक कार्यक्रम आयोजित किये गये। पूर्वाेत्तर रेलवे के सभी स्टेशनों एवं कार्यालयों में स्वच्छता शपथ दिलायी गई। इस दौरान पूर्वाेत्तर रेलवे में 3400 चिन्हित स्थलों की साफ सफाई की गई। मंडलों एवं मुख्यालयों में स्वच्छता रैली निकाली गई। स्कूलों में स्वच्छता पर आधारित कविता, निबन्ध, पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा खेल-कूद कार्यक्रम आयोजित किये गये।
महाप्रबन्धक ने नवरात्र व विजयदशमी की शुभकामनायें देते हुए कहा कि इस स्वच्छता अभियान में बच्चों व महिलाओं की उपस्थिति बहुत महत्वपूर्ण है। स्वच्छता में महिलाओं का अहम योगदान होता है। स्वच्छता के मुहिम को सुदृढ़ बनायें। जिस तरह हम लोग नवरात्रि में तन-मन की शुद्धि करते हैं, उसी तरह इस दौरान पूरे भारतीय रेल पर स्वच्छता पखवाड़ा मनाया गया। स्वच्छता पखवाड़े में हम सभी ने स्वच्छता शपथ ली, जिसमें हमने संकल्प लिया था कि स्वच्छता में सहयोग करेंगे, प्रति सप्ताह 2 घंटे स्वच्छता कार्य करेंगे। हमें इस पर अमल करना है। आज से सरदार बल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस तक इस पर अमल करें और स्वच्छता में अपना योगदान दें। हमारे माननीय प्रधानमंत्री ने जो 15 अगस्त को अपने सम्बोधन में पंच प्रण की बात की थी। पहला प्रण था- विकसित भारत की तरफ हम लोग अग्रसर हों, दूसरा- गुलामी की मानसिकता से निजात पायंे, तीसरा -अपनी विरासत पर गर्व करें, चौथा-हमारे देश में जो सामाजिक एकता है उसकी शक्ति को समझें तथा पाँचवा- भारत का नागरिक होने के नाते हम अपनी जिम्मेदारियों को समझें। इन सभी बातों को ध्यान में रखकर कार्य करें। इस पखवाड़े में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगो को पुरस्कृत किया गया है, ताकि उससे प्रेरित होकर आगे और भी लोग स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करें। उन्होने कहा कि आज से रेल परिसर में प्लास्टिक के पानी की बोतलों का उपयोग न किया जाये। पुराने एवं अनुपयोगी कपड़ों का उपयोग करके थैले बनाये गये हैं, जिसे लोगों को वितरित किया जा रहा है। स्वच्छता हेतु हमें ई-वेस्ट का डिस्पोजल करना है ग्रीन पैचेज बनाने हैं तथा रेलवे कालोनियों को प्लास्टिक फ्री बनाने का संकल्प लेना है। स्वयं जागरूक होकर अन्य लोगों को भी जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पूर्वाेत्तर रेलवे पर सर्वाेत्तम स्वच्छ कालोनी व स्टेशन चुनकर उन्हें पुरस्कृत किया जाना चाहिये। लोगों से संपर्क कर वृक्षारोपण को बढ़ावा दें, पौधों को नाम प्रदान कर आत्मसात करें, पेड़ों को नाम दें और उनकी देखभाल करते रहें।
महाप्रबन्धक ने ‘ओरल हेल्थ कैम्प‘ के आयोजन हेतु चिकित्सा विभाग को निर्देश दिया तथा गुटखे का लत छुड़ायें जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने जो स्वच्छता का संदेश दिया है, उसे आत्मसात करें तथा प्रकृति के धर्म का पालन करें व सजग रहें।
महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता सम्बन्धी निबन्ध, पोस्टर, ड्राइंग एवं पेंटिंग, कविता आदि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एन.ई. रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल, एन.ई. रेलवे सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं एन.ई. रेलवे गर्ल्स इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के अन्तर्गत सी.टी.यू. श्रेणी में वाराणसी मंडल ने प्रथम, इज्जतनगर मंडल ने द्वितीय एवं लखनऊ मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वेस्ट टू आर्ट श्रेणी में श्री अमित कुमार, श्री शिवकुमार एवं श्री दीपक कुमार सक्सेना ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। बेस्ट सफाई मित्र का क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार श्री विजय बासफेरे, श्री वीरेन्द्र एवं श्री रामनगीना ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में स्वागत सम्बोधन प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री नरेश कुमार ने किया, स्वच्छता ही सेवा ब्रीफ रिपोर्ट उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/फ्रेट एवं ई.एन.एच.एम. श्री निकुंज सक्सेना ने प्रस्तुत किया तथा समारोह का संचालन श्री आसिफ जहीर ने किया एवं धन्यवाद ज्ञापन मुख्य चल स्टाक इंजीनियर/फ्रेट एवं ई.एन.एच.एम. श्री अनिल कुमार ने किया।
![]()
