उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज में आपदा प्रबंधन और रीयल-टाइम मॉनिटरिंग को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक अत्याधुनिक रेल ‘वॉर रूम’ की स्थापना की गई है। महाप्रबंधक उपेन्द्र चन्द्र जोशी ने इस नये ‘वॉर रूम’ का उद्घाटन किया।
यह वॉर रूम नवीनतम संचार तकनीक से सुसज्जित है और 24×7 सक्रिय रहेगा। किसी भी रेल दुर्घटना या असाधारण परिस्थिति, जैसे कि डिरेलमेंट अथवा अन्य आपात घटनाओं की स्थिति में यह वॉर रूम सीधे दुर्घटना स्थल से लाइव फीड प्राप्त करने में सक्षम है। इससे न केवल स्थिति का त्वरित आकलन किया जा सकेगा बल्कि राहत और बचाव कार्यों को तत्काल दिशा देने में भी बड़ी सुविधा होगी।
इसके साथ ही, उत्तर मध्य रेलवे के अधीन सभी स्टेशनों के यार्ड लेआउट की डिजिटल उपलब्धता इस वॉर रूम में सुनिश्चित की गई है। इस व्यवस्था से संचालन एवं नियंत्रण से जुड़े निर्णयों को और अधिक सटीकता व तत्परता के साथ लिया जा सकेगा। यह आधुनिक रेल वॉर रूम, उत्तर मध्य रेलवे की सुरक्षा और दक्षता को नए आयाम प्रदान करेगा। यह न केवल आपदा प्रबंधन को और मजबूत बनाएगा बल्कि यात्रियों के बीच रेलवे की विश्वसनीयता को भी और अधिक सुदृढ़ करेगा।
उत्तर मध्य रेलवे का यह कदम रेलवे प्रशासन की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसमें यात्रियों की सुरक्षा, त्वरित सेवा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
![]()
