हालांकि यह पुष्टि हो गई है कि इस त्रासदी में मारे गए लोगों में कुछ उत्तर प्रदेश के निवासी भी शामिल हैं लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राज्य के कितने लोग इस घटना में मारे गए। सूत्रों के मुताबिक भूस्खलन में मारे गए उत्तर प्रदेश के लोगों में बागपत जिले की एक नवविवाहिता और उसकी बड़ी बहन शामिल हैं। परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मृतकों की पहचान खेकड़ा निवासी मयंक गोयल की पत्नी चांदनी (23) और उसकी बड़ी बहन नीरा (36) के रूप में हुई है। घायलों में चांदनी के पति मयंक, नीरा के पति अमित (40) और उनकी 10 साल की बेटी विधि शामिल हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि मयंक और चांदनी की शादी इसी साल अप्रैल में हुई थी।
परिवार 25 अगस्त को ट्रेन से मंदिर के लिए रवाना हुआ था। दर्शन के बाद जब वे लौट रहे थे तभी अचानक हुए भूस्खलन के कारण विशालकाय पत्थर उन पर गिर पड़े। मयंक के चाचा अनिल गोयल ने स्थानीय मीडिया को बताया, हमें अस्पताल के एक कर्मचारी के जरिए दुर्घटना की जानकारी मिली जिसने हमें मयंक के फोन से फोन किया था। इसके बाद परिवार के लोग तुरंत जम्मू पहुंच गये।
गाजियाबाद निवासी नीरा की शादी मेरठ के जौहरी अमित से हुई थी। उनके ससुर अशोक ने कहा, जब देर रात तक उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो हमें लगा कि कुछ हुआ है। अगली सुबह, मेरे बेटे के फोन ने हमारी आशंकाओं को सच साबित कर दिया।
जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों के अनुसार मंगलवार दोपहर भारी बारिश के बाद पहाड़ी की चोटी पर स्थित मंदिर के पास पहाड़ी का एक हिस्सा ढह जाने से हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है तथा कम से कम 20 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का जम्मू के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। शवों को घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
![]()
