खूंखार कुत्तों की सूचना कंट्रोल रूम में दें, पकड़ने पहुंचेगी प्रयागराज नगर निगम की टीम, नोट कर लें यह नंबर

प्रयागराज। शहर की हर गली और मुहल्लों में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग खौफजदा हैं। झुंड में घूम रहे आवारा कुत्ते अब लोगों के लिए जान के दुश्मन बन गए है। खूंखार हो चुके आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निगम की ओर से विशेष टीम बनाई जाएगी। एक टीम में पांच सदस्यों को रखा गया है। खूंखार कुत्तों की सूचना कंट्रोल रूम में देने के एक से छह घंटे के भीतर टीम पहुंचेगी और उन्हें पकड़कर करेली स्थित नसबंदी केंद्र लेकर जाएगी।

शहर में आवारा कुत्तों का आतंक आने वाले दिनों में पूरी तरह से समाप्त होगा। खूंखार कुत्तों को शेल्टर होम में रखा जाएगा। वर्तमान में नगर निगम की ओर से 150 कुत्तों को एक साथ रखने के लिए करैली स्थित हड्डी गोदाम में शेल्टर होम तैयार किया गया है। इसमें की आवारा कुत्तों की नसबंदी भी की जा रही है।

जरूरत के अनुसार आने वाले दिनों में सभी जोन में दो से तीन शेल्टर होम खूंखार कुत्तों को रखने के लिए खोला जाएगा। शेल्टर होम में खूंखार कुत्तों की देखरेख के लिए कर्मचारियों को स्थायी रूप से लगाया जाएगा। आवारा कुत्तों को खाना देने के लिए सभी वार्डों में जल्द ही निगम की ओर स्थान निर्धारित किया जाएगा।

खूंखार कुत्तों को निगम नसबंदी केंद्र में ही स्थायी रूप से रखेगा। सुप्रीम कोर्ट की ओर से सार्वजनिक स्थलों में कुत्तों को खाना-खिलाने पर रोक लगाए जाने पर निगम की ओर से सभी वार्डों में दो से तीन स्थान पर उन्हें भोजन देने का प्रबंध किया जाएगा। यह वह स्थान होगा जो आबादी,स्कूल, हास्पिटल से दूर रहेगा। एक सप्ताह में स्थान का चिह्नीकरण शुरू कर दिया जाएगा। कुत्तों को भोजन देने का स्थान कहां पर तैयार किया जाय इस पर क्षेत्रीय पार्षदों से भी सुझाव लिया जाएगा।

आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए दो वर्ष पहले नसबंदी प्रक्रिया शुरू की गई। अब तक 22 हजार से आसपास कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। नगर निगम 100 वार्डों में लगभग 1.70 लाख आवारा कुत्ते हैं। शहर के आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण हर दिन 150 से 200 लाेग आवारा कुत्तों के शिकार बन रहे हैं।

शहर में 20 हजार से अधिक लोगों को विदेश नस्ल के कुत्तों को पाल रखा है। इसमें से महज तीन हजार लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है। पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि शुक्रवार से 28 वार्डों में पालतू कुत्तों की नसबंदी के लिए टीम लगा दी गई है। रजिस्ट्रेशन न कराने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम के पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. विजय अमृतराज का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों के आतंक से लोगों को जल्द ही छुटकारा मिलेगा। वार्डों में खूंखार कुत्तों को चिह्नित करके उन्हें शेल्टर होम में रखा जाएगा। खूंखार आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए निगम की ओर से तीन टीम बनाई गई है। कंट्रोल रूम में सूचना देने के उपरांत टीम आवारा कुत्तों को पकड़कर ले जाएगी। आने वाले दिनों में आवारा कुत्तों को रखने के लिए आश्रय स्थल का भी निर्माण किया जाएगा। कंट्रोल रूम का नंबर 8303701102 है।

Loading

Related posts