दीपावली पर वंदे भारत व राजधानी में भी नहीं मिल रहा कोई टिकट, प्रयागराज से दिल्ली और मुंबई रूट की ४६ ट्रेन पैक

प्रयागराज। दिल्ली-प्रयागराज, मुंबई-प्रयागराज रूट पर ४६ ट्रेनों में स्लीपर, इकोनामी, थर्ड एसी, सेकेंड एसी तक के कोच रिग्रेट (वेटिंग सूची भी फुल हो गई है, किसी भी तरह का टिकट नहीं मिलेगा) हो गए हैं। दिल्ली रूट पर २८, मुंबई रूट पर १८ ट्रेनों में यह स्थिति है। पहली बार दिल्ली-मुंबई रूट पर ऐसी स्थिति बन रही है कि वेटिंग भी लोगों को टिकट नहीं मिल पा रहा है।
दिल्ली रूट पर जिन ट्रेनों में रिग्रेट हो चुका है उनमें डिब्रूगढ़ राजधानी, तेजस राजधानी, भुवनेश्वर राजधानी, कोलकाता राजधानी, हावड़ा राजधानी, गरीब रथ, हमसफर एक्सप्रेस, पूर्वा, शिवगंगा, अमृत भारत एक्पप्रेस, महाबोधी, पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति, पुरुषोत्तम, रीवां, स्वतंत्रता सेनानी, ब्रह्मपुत्र, नार्थ ईस्ट, सीमांचल, मगध, प्रयागराज एक्सप्रेस लिच्छवी, जम्मू मेल, महानंदा, कालिंदी आदि शामिल हैं। दारागंज के रहने वाले नरेश त्रिपाठी नई दिल्ली में एक सिक्यूरिटी कंपनी चलाते हैं। दीपावली पर घर पर अखंड रामायण पाठ होना है, टिकट के लिए ट्रेनों में सीट खंगाल रहे हैं लेकिन किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल पा रही है। वह कहते हैं कि त्योहारों पर अत्याधिक भीड़ होने के बाद भी वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में कम से कम वेटिंग टिकट तो यात्रियों को मिल ही जाता था लेकिन, इस बार दीपावली के दौरान इन ट्रेनों में वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है। चांदपुर सलोरी के रहने वाले सुधीर अग्रवाल राजेंद्र नगर में सिविल की तैयारी कर रहे हैं, दीपावली पर सारे दोस्त घर जाने लगे तो वह भी प्रयागराज का टिकट ढूंढने लगे, लेकिन टिकट नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि दीपोत्सव अभी दो माह की दूरी पर है लेकिन दिल्ली रूट पर किसी भी ट्रेन में अब कन्फर्म छोड॰िए वेटिंग में भी टिकट नहीं मिल रहा है। प्रयागराज में रुककर चलने वाली सभी राजधानी, वंदे भारत व एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर श्रेणी के कोच रिग्रेट हो चुके हैं। १८ अक्टूबर को सर्वाधिक भीड़ ट्रेनों में होगी। रेलवे के नए नियम के अनुसार अब ६० दिन का ही अग्रिम टिकट आरक्षित कराया जा सकता है, ऐसे में २० अक्टूबर व उसके पहले की कई तिथियों में अब टिकट नहीं मिल पा रहा है। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए दीपावली विशेष ट्रेनें शेड्यूल की जा रही हैं। मुंबई से प्रयागराज रूट का हाल भी बेहाल है। गोदान, कोलकाता मेल, प्रयागराज दूरंतो, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, एलटीटी गोरखपुर सुपरफास्ट, एलटीटी जय नगर एक्सप्रेस, महानगरी, एलटीटी बनारस एक्सप्रेस, एलटीटी पटना एक्सप्रेस, कामायनी समेत साप्ताहिक व विशेष ट्रेनों में भी रिग्रेट हो चुका है। १८ अक्टूबर को १८ ट्रेनें शेड्यूल हैं और किसी भी में भी वेटिंग में भी टिकट नहीं मिल पा रहा है।

Loading

Related posts