प्रधानमंत्री मोदी ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ व्यापार, रक्षा, जलवायु, नवाचार और शिक्षा जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा करेंगे और राजा चार्ल्स तृतीय से भी मिलेंगे। दोनों देश रक्षा और सुरक्षा सहयोग, जिसमें सैन्य आदान-प्रदान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा सेमीकंडक्टर पर सहयोग शामिल है, पर चर्चा करेंगे। पीएम मोदी 25-26 जुलाई को मालदीव की अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और द्वीपीय राष्ट्र में भारत द्वारा सहायता प्राप्त कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 26 जुलाई को मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
मिसरी ने कहा, प्रधानमंत्री की यह राजकीय यात्रा किसी शासनाध्यक्ष की पहली राजकीय यात्रा भी है, जिसकी मेजबानी राष्ट्रपति मुइज्जू नवंबर 2023 में पदभार ग्रहण करने के बाद से कर रहे हैं। उन्होंने कहा, मालदीव भारत की पड़ोसी प्रथम नीति में एक बहुत ही महत्वपूर्ण साझेदार है, तथा भारत के ‘महासागर विजन’ (सभी क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) का हिस्सा है। मिसरी ने पिछले साल अंतिम रूप दिए गए व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी के लिए भारत-मालदीव संयुक्त दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, यह संयुक्त दृष्टिकोण, एक तरह से, हमारे संबंधों का मार्गदर्शक ढांचा बन गया है।
![]()
