प्रयागराज में पूरी रात हुई बारिश, दिन में भी झूम के बरसे बदरा, कई मुहल्ले झील में तब्दील

जनपद में बृहस्पतिवार के दिन की शुरुआत भारी बारिश और तेज आंधी के साथ हुई। इससे जनजीवन अस्तव्यवस्थ हो गया है। इस बारिश को किसानों के लिए जहां फायदेमंद माना जा रहा है वहीं शहर और नगरीय इलाकों में यह आफत बन गई है। बारिश के चलते बिशप जॉनशन स्कूल एंड कॉलेज और आईपीईएम इंटरनेशनल स्कूल में भी छुट्टी कर दी गई है। इसके अलावा कई स्कूलों ने बरसात के कारण स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। तेज बारिश और हवाओं के झोंके के चलते दफ्तर जाने वालो के साथ ही यात्रा पर जाने वालों को काफी दिक्कत हुई। लोग रेन कोट और छाता लेकर निकले। सबसे ज्यादा दिक्कत सवारी वाहनों और दो पहिया वाहन से यात्रा करने वालों को हुई।

बारिश के  कारण अल्लापुर, दारागंज, राजरूपपुर, धूमनगंज, कटरा, जानसेनगंज, मुट्ठीगंज, सिविल लाइंस आदि इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। सिविल लाइंस से पुराने शहर को जाने वाले निरंजन पुल के नीचे पानी भरने के कारण लोगों को काफी दिक्कत हुई। यही स्थित हाइकोर्ट पानी टंकी से लीडर रोड को जोड़ने वाले पुल के दोनों तरफ रही। जल भराव के चलते लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। गंगा और यमुना पहले से ही उफान पर हैं। कछारी इलाकों के लोग पलायन की तैयारी में हैं। सामान पैक करके गंतव्य स्थान को निकलने की तैयारी कर रहे हैं। बारिश के चलते उनकी परेशानी और भी बढ़ गई है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट से बृहस्पतिवार को कोई प्रतिकूल प्रविष्टि जारी नहीं किया जाएगा। बारिश के कारण मुकदमो में सुनवाई के लिए कोर्ट में हाजिर न हो पाने वाले वादकारियों के खिलाफ आज हाईकोर्ट प्रतिकूल आदेश नहीं जारी करेगा। बारिश को देखते हुए हाईकोर्ट ने यह राहत वादकारियों और अधिवक्ताओं को दी है। इसका आदेश भी जारी कर दिया गया है।

बुधवार देर रात से शुरू हुई मानसूनी बारिश बृहस्पतिवार को पूरे दिन हुई। सुबह तेज आंधी के साथ हुई बरसात से कई पेड़ धराशायी हो गए। संगम पर अफरातफरी मची रही। तेज आंधी तूफान के साथ हुई बरसात में कई नावें गंगा और यमुना में पलट गईं। कई नाव तेज आंधी से लापता हो गईं। नाविकों में चीख पुकार मची रही। वह अपनी नावों को रस्सी से बांधते नजर आए। इसी तरह शहर के सिविल लाइंस, कटरा, ममफोर्डगंज सहित कई इलाकों में मुहल्ले झील में तब्दील हो गए और कई पेड़ धराशायी होने से यातायात बाधित रहा। लोगों की माने तो तेज आंधी के साथ बरसात कई साल बाद हुई है।

बारिश के चलते प्रयागराज में कई पेड़ धराशायी हो गए। इससे आवागमन प्रभावित रहा। लोगों को दूसरे मार्गों से होकर जाना पड़ा। इससे कई सड़कों पर शाम तक जाम लगा रहा।
भारी बारिश के कारण निरंजन डॉट पुल के नीचे पानी भर गया। इससे सिविल लाइंस से पुराने शहर जानसेनगंज इलाके का संपर्क टूट गया। लोग कमर तक पानी में होकर गुजरते रहे।

Loading

Related posts