कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर राम गोपाल यादव बोल रहे थे। हालांकि, अब राम गोपाल यादव खुद मुसीबत में पड़ गए हैं। इसको लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सेना की वर्दी ‘जातिवादी चश्मे’ से नहीं देखी जाती है। भारतीय सेना का प्रत्येक सैनिक ‘राष्ट्रधर्म’ निभाता है, न कि किसी जाति या मजहब का प्रतिनिधि होता है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव द्वारा एक वीरांगना बेटी को जाति की परिधि में बांधना न केवल उनकी पार्टी की संकुचित सोच का प्रदर्शन है, बल्कि सेना के शौर्य और देश की अस्मिता का भी घोर अपमान है।
योगी ने कहा कि यह वही मानसिकता है, जो तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति में राष्ट्रभक्ति तक को बांटने का दुस्साहस करती है। इस विकृत जातिवादी सोच को जनता फिर जवाब देगी। दूसरी ओर ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद देश में जश्न है। भाजपा इसको लेकर तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसकी को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जश्न आमतौर पर जीत के लिए मनाया जाता है, ‘समझ’ के लिए नहीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा किसे बेवकूफ़ समझती है? वे लोगों को भ्रमित करना चाहते हैं, लेकिन लोग जागरूक हैं और उन्हें सबक सिखाएँगे। भाजपा वाले बच नहीं सकते। उन्हें अपना वचन देना होगा कि हमारे देश की सीमाएँ सुरक्षित हैं।
![]()
